दिल्ली-कोलकाता मार्ग पर भीषण बस हादसा, 12 यात्री घायल
धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र के चली बांग्ला स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार रात कोलकाता-दिल्ली मुख्य मार्ग (एनएच-19) पर दो बसों के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब 12 यात्री घायल हुए, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। यह घटना रात करीब 11:30 बजे हुई, जब जामताड़ा से बोकारो के लुगुबुरू लालपनिया जा रही एक यात्री बस ने आगे चल रही दूसरी बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
राजगंज थाना क्षेत्र के चली बांग्ला स्थित पेट्रोल पंप के पास हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण बस चालक कट के पास वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे आगे जा रही बस से टकरा गया। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों में महिलाओं की संख्या अधिक
इस टक्कर में एक चालक सहित दर्जन भर महिला और पुरुष यात्री घायल हुए हैं। घायलों में जामताड़ा के नाला कुंडैत निवासी भुटुक बाउरी की स्थिति नाजुक बताई जा रही है, जिसके दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है।
हादसे के बाद काफी देर तक लोग सड़क किनारे पड़े रहे।
दुर्घटना के बाद एनएच-19 पर अफरातफरी मच गई और लंबी दूरी तक वाहनों की कतार लग गई। स्थानीय लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया और राहत कार्य में मदद की।
पुलिस और राहत कार्य
पुलिस ने पहुंचकर यात्रियों की मदद की
राजगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से एसएनएमएमसीएच धनबाद भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बसों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया।

बस जामताड़ा से बोकारो आ रही थी।
करीब एक घंटे की मेहनत के बाद एनएच-19 पर यातायात बहाल हो सका। जानकारी के अनुसार, दोनों बसों में 100 से अधिक यात्री सवार थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बस चालकों से पूछताछ की जा रही है। देर रात तक दुर्घटनास्थल पर पुलिस की तैनाती बनी रही, ताकि पुनः जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।






















